Meenasamaj.com
छत्तीसगढ़ मीणा समाज के सालाना परिचय व मिलन सम्मेलन में समाज के लोगों ने खर्चीली शादियों पर रोक लगाने पहल की। इसके तहत दहेज प्रथा व डीजे समेत अन्य फिजूलखर्ची को कम करने सभी ने सहमति जताई।
सम्मेलन रेलवे परिक्षेत्र स्थित आर्फिसर्स क्लब न्यू सतपुड़ा में हुआ। इसमें समाज के उत्थान और विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इसके तहत बालिकाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए दहेज जैसी कुरीतियों को खत्म करने जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्य आयकर आयुक्त सी.घुमारिआ ने समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके विकास की ओर कदम बढ़ाने की बात कही। महाराष्ट्र मीणा समाज के अध्यक्ष शंकर सिंह खोखड ने समाज की एकता और सामाजिक भलाई के लिए सभी को बढ़-चढ़कर योगदान देने की बात कही। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रबंधक बीएल मीणा ने रायुर में आदिवासी छात्रावास व भवन के निर्माण के लिए जारी कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। इस आयोजन में लेखा अधिकारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी लाखन सिंह मीणा, पूर्व महासचिव छत्तीसगढ़ मीणा समाज हरिओम मीणा सहित अंबिकापुर, धमतरी, महासमुंद, बिजुरी, कोरबा, धमतरी, जगदलपुर सहित विभिन्न जिलों से समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
